रायपुर: सरगुजा पर्यटन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल, फेम ट्रिप से पहले टूर ऑपरेटर्स ने अम्बिकापुर की होटल सुविधाओं का लिया अनुभव

रायपुर: छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा सरगुजा संभाग को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाने और पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित फेम ट्रिप से एक दिन पूर्व अम्बिकापुर में विशेष होटल भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स को सरगुजा में उपलब्ध उत्कृष्ट आवासीय सुविधाओं, पारंपरिक आतिथ्य, आधुनिक पर्यटन अधोसंरचना तथा स्थानीय पर्यटन संभावनाओं से परिचित कराना था, ताकि वे भविष्य में अधिक से अधिक देशी एवं विदेशी पर्यटकों को इस क्षेत्र की यात्रा के लिए प्रेरित कर सकें।

कार्यक्रम के तहत देशभर से पहुंचे टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स का होटल पर्पल आर्किड, अम्बिकापुर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार तिलक लगाकर एवं स्वागत पेय के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत के बाद अतिथियों को होटल की आधुनिक आवासीय व्यवस्था, सुसज्जित कमरों, स्वादिष्ट भोजन, बैंक्वेट हॉल, कॉन्फ्रेंस सुविधाओं तथा पर्यटकों के लिए उपलब्ध अन्य सेवाओं का विस्तृत निरीक्षण कराया गया। होटल प्रबंधन ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और आतिथ्य के माध्यम से सरगुजा की समृद्ध मेहमाननवाजी की परंपरा से अतिथियों को अवगत कराया।

दोपहर के भोजन के बाद सभी प्रतिनिधियों को अम्बिकापुर के प्रतिष्ठित होटल माखन विहार का भ्रमण कराया गया। यहां होटल प्रबंधन ने आधुनिक आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, अतिथि सेवाओं, भोजन व्यवस्था और पर्यटकों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स ने होटल की गुणवत्ता, स्वच्छता, सेवा स्तर तथा पर्यटकों के लिए विकसित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत उपयुक्त बताया।

होटल भ्रमण के पश्चात होटल संचालकों द्वारा निशुल्क उच्च स्तरीय हाई-टी का आयोजन किया गया। इस दौरान सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, जलप्रपातों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों, जनजातीय संस्कृति, इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म तथा पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए और कहा कि उचित प्रचार-प्रसार तथा बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से सरगुजा देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स ने अम्बिकापुर के होटलों में उपलब्ध उत्कृष्ट सुविधाओं, उच्च गुणवत्ता वाली सेवाओं और आत्मीय आतिथ्य की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि सरगुजा संभाग प्रकृति, संस्कृति, विरासत और जनजातीय जीवन का अनूठा संगम है, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के परिचयात्मक भ्रमण (फेम ट्रिप) से सरगुजा राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा तथा वे भविष्य में अधिक से अधिक देशी-विदेशी पर्यटकों को इस क्षेत्र की यात्रा के लिए प्रेरित करेंगे।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का मानना है कि यह पहल केवल पर्यटन को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय होटल उद्योग, परिवहन, हस्तशिल्प, जनजातीय उत्पादों, स्वरोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगी। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और सरगुजा संभाग एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित होने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगा।

पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे फेम ट्रिप कार्यक्रम पर्यटन उद्योग के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाकर स्थानीय पर्यटन स्थलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे पर्यटन व्यवसाय को विस्तार मिलने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment