रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार-2026 प्रदेश में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है। शासन की मंशा के अनुरूप जिलों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है, जिससे पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंच रहा है। इसी क्रम में मरवाही विकासखंड के ग्राम उषाड़ निवासी किसान श्री विनय अभिषेक सिंह की मांग पर कृषि विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें शासन की योजना के अंतर्गत अनुदान पर धान की रोपाई के लिए आधुनिक रोपा लगाने की मशीन उपलब्ध कराई है।
किसान श्री विनय अभिषेक सिंह ने सुशासन तिहार के जिला स्तरीय समाधान शिविर में आवेदन प्रस्तुत कर धान की रोपाई को अधिक सरल, तेज, कम श्रमसाध्य और कम लागत वाला बनाने के लिए आधुनिक रोपा मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की कार्यशैली के अनुरूप आवेदन प्राप्त होते ही कृषि विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी।
विभाग ने सीएचएएमपीएस (CHAMPS) प्रणाली के माध्यम से किसान का पंजीयन कर पात्रता के अनुसार अनुदान स्वीकृत किया और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए शीघ्र ही आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध करा दिया। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से किसान को समय पर कृषि यंत्र मिल सका, जिससे वर्तमान खरीफ सीजन में धान की रोपाई आधुनिक तकनीक से करना संभव हो सकेगा।
किसान श्री विनय अभिषेक सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक रोपा मशीन मिलने से धान की रोपाई कम समय में अधिक दक्षता और बेहतर गुणवत्ता के साथ हो सकेगी। इससे मजदूरों पर निर्भरता कम होगी, श्रम लागत में कमी आएगी तथा समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती अधिक वैज्ञानिक और लाभकारी बनेगी तथा समय पर रोपाई होने से फसल उत्पादन बढ़ने की संभावना भी बढ़ेगी, जिससे उनकी आय और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
उप संचालक कृषि श्री सत्यजीत कंवर ने बताया कि राज्य शासन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि यंत्रीकरण से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि खेती को अधिक उत्पादक, सुविधाजनक, कम लागत वाली और लाभकारी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है, जिससे किसानों सहित सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके। कृषि विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसान आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाएं और खेती को व्यावसायिक एवं आत्मनिर्भर बना सकें।
प्रदेश सरकार का मानना है कि सुशासन का वास्तविक उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक उनका लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। किसानों की छोटी-बड़ी आवश्यकताओं का त्वरित समाधान कर उन्हें आधुनिक संसाधनों से जोड़ने की पहल खेती को आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी और लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेश में जनविश्वास, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन की नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है। शासन की त्वरित कार्यवाही से न केवल किसानों की समस्याओं का समाधान हो रहा है, बल्कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है, जिससे प्रदेश के कृषि विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।