जशपुर: दोकड़ा में पांच दिवसीय श्री जगन्नाथ कथा का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में शामिल हुईं श्रीमती कौशल्या साय

जशपुर: दोकड़ा में श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को पांच दिवसीय श्री जगन्नाथ कथा का श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। शुभारंभ अवसर पर विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल हुईं।

कलश यात्रा स्थानीय शिव मंदिर से प्रारंभ होकर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और “जय जगन्नाथ” के जयघोष के बीच मौसी बाड़ी स्थित मिडिल स्कूल प्रांगण में बने कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा दोकड़ा भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

यह पांच दिवसीय श्री जगन्नाथ कथा श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा के गजपति महाराज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के विशेष सानिध्य में आयोजित की जा रही है। कथा का वाचन एवं संगीतमय प्रस्तुति छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कीर्तन गायक एवं कथा वाचक श्री कामता प्रसाद शरण द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक किया जा रहा है।

कथा के प्रथम दिवस भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा, भक्ति और सनातन संस्कृति पर आधारित प्रेरणादायी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और भगवान श्री जगन्नाथ से सुख, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।

श्री जगन्नाथ मंदिर समिति के अनुसार आगामी दिनों में प्रतिदिन कथा, भजन-कीर्तन, आरती एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के चलते पूरे दोकड़ा क्षेत्र में आध्यात्मिक और उत्सवमय वातावरण बना हुआ है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment