अंबिकापुर: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर स्थित अपने निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों की समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने आवेदकों से सीधे संवाद कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन में नागरिकों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने अधिकारियों को सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।
श्री अग्रवाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं का सीधे समाधान संभव हो पाता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासन लगातार कार्य कर रहा है। जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए निर्देशों पर संतोष व्यक्त किया।