जशपुर: लगातार हो रही बारिश के बाद जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में डोड़की नदी देर रात उफान पर आ गई। नदी का जलस्तर बढ़ने से किनारे स्थित अंग्रेजी शराब दुकान बाढ़ की चपेट में आ गई। तेज बहाव के साथ दुकान के भीतर पानी घुसने से बड़ी मात्रा में शराब और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, बाढ़ के पानी के साथ आए कीचड़ और मलबे से दुकान में रखे फ्रीजर पलट गए, जबकि रैक में सजी बीयर एवं शराब की कई बोतलें टूट गईं। इसके अलावा कार्टनों में रखा शराब का स्टॉक भी पानी में भीगकर खराब हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सबसे अधिक नुकसान महंगे ब्रांड की शराब की बोतलों को हुआ है।
बाढ़ का पानी उतरने के बाद दुकान और उससे लगे अहाता परिसर में घुटनों तक कीचड़ जमा हो गया, जिससे पूरे परिसर में अव्यवस्था का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त सामग्री का निरीक्षण शुरू किया। विभाग द्वारा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डोड़की नदी के किनारे स्थित यह अंग्रेजी शराब दुकान हर वर्ष मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे का सामना करती है। इस बार नदी के तेज बहाव ने दुकान को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल विभाग नुकसान का अंतिम आकलन तैयार करने में जुटा हुआ है।