जशपुर: कलेक्टर रोहित व्यास का बड़ा फैसला, सुबह 10 बजे बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य, 15 अगस्त के बाद गैरहाजिर कर्मचारियों का कटेगा वेतन , ई-ऑफिस से होगा पूरा कामकाज, लंच में लापरवाही और बिना सूचना कार्यालय छोड़ने पर भी होगी कार्रवाई

जशपुर: जिले में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक अनुशासित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने बड़ा निर्णय लिया है। सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित सभी विभागों के बाबुओं एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब सभी अधिकारी और कर्मचारियों को सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा तथा कार्यालयीन समय समाप्त होने पर शाम 5:30 बजे भी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के बाद ही कार्यालय से प्रस्थान करना होगा।

कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि 15 अगस्त के बाद आधार आधारित उपस्थिति के आधार पर ही वेतन का भुगतान किया जाएगा। जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की किसी दिन आधार आधारित उपस्थिति दर्ज नहीं होगी, उस दिन के वेतन की कटौती की जाएगी।

ई-ऑफिस और ई-एचआरएमएस से ही होगा पूरा काम, हार्ड कॉपी नहीं चलेगी

बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कार्यालयीन कार्य पूरी तरह ई-ऑफिस एवं ई-एचआरएमएस के माध्यम से किया जाए। विभागों में आने वाली ई-फाइलों को तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब हार्ड कॉपी पर निर्भरता समाप्त करनी होगी तथा किसी भी विभाग में ई-ऑफिस की फाइलें लंबित नहीं रहनी चाहिए।

लंच सिर्फ 30 मिनट, ज्यादा देर गायब रहने वालों पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने कार्यालयीन अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि कर्मचारियों के लिए लंच ब्रेक केवल आधे घंटे का रहेगा। बाहर से आने वाले कर्मचारी अपना टिफिन साथ लेकर आएं ताकि अनावश्यक रूप से बाहर न जाना पड़े। लंच के दौरान लंबे समय तक कार्यालय से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिससे कार्यालय आने वाले आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बिना सूचना कार्यालय छोड़ने पर सख्त कार्रवाई

उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी कर्मचारी कार्यालय से बाहर जाने से पहले अपने विभाग प्रमुख को जानकारी देगा। बिना सूचना कार्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

आम नागरिकों से शालीन व्यवहार करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक एवं शालीन व्यवहार करें। आम लोगों के कार्यों का समय पर और संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टोरेट परिसर के सभी शौचालयों की दिन में दो बार होगी सफाई

बैठक में स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कलेक्टोरेट परिसर के सभी शौचालयों की प्रतिदिन सुबह और दोपहर में नियमित सफाई कराई जाए तथा इसकी सतत निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा सहित सभी विभागों के सहायक ग्रेड-1, सहायक ग्रेड-2 एवं सहायक ग्रेड-3 के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment