जशपुर: संत रविदास की 650वीं जयंती, समरसता संकल्प अभियान और तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला संपन्न

जशपुर: भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर द्वारा सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती, समरसता संकल्प अभियान, घर-घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और आगामी अभियानों की विस्तृत रणनीति से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का जीवंत संदेश है। उन्होंने समाज को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर भाईचारे, समान अधिकार और सद्भाव का मार्ग दिखाया। भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार अंत्योदय और सामाजिक समरसता के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संत रविदास जी के विचारों को घर-घर पहुंचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का आह्वान किया।

जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बताया कि समरसता संकल्प अभियान चार चरणों में संचालित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 29 जुलाई से होगी और 20 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क कर संत रविदास जी के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 10 अगस्त से 14 अगस्त तक घर-घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष तिरंगा यात्रा को केवल भाजपा का कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का महाअभियान बनाया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, प्रबुद्ध नागरिकों और आमजन को भी बड़ी संख्या में जोड़ा जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा, ताकि राष्ट्रभक्ति का यह अभियान पूरे समाज का उत्सव बन सके।

अमर सुल्तानिया ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देश विभाजन की पीड़ा और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी अभियानों को अनुशासन, समर्पण और पूरी गंभीरता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने जिले के सभी मंडल अध्यक्षों से बूथ समितियों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि लंबित संगठनात्मक कार्यों एवं बूथ समितियों के गठन को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी सभी अभियान तभी सफल होंगे, जब प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ता समाज के बीच पहुंचकर संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कार्यशाला में पूर्व विधायक भरत साय, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, अंत्यावसायी निगम अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे, बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव, उपेन्द्र यादव, आनंद शर्मा, शांति भगत, रीना बरला, शंकर गुप्ता, श्रीनायक मिश्रा, संतोष सहाय, संतोष सिंह, राजकपूर भगत, रूपेश सोनी, शरद चौरसिया, पिंकी गुप्ता, देवधन नायक, अनूप नारायण सिंह, हदीस अंसारी, गोविंद भगत, संजीव ओझा, मुकेश सोनी, नेहरू सिंह, राजकुमार गुप्ता, हरीश आरिक, देवलाल भगत, हरिशंकर यादव, प्रभाकर यादव, उमेश यादव, प्रतीक सिंह, विनोद निकुंज, गणेश गुप्ता, हेमा दीवान, हेमन्त बंजारा, आनंद यादव, राजकिशोर जायसवाल सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment