सफलता की कहानी: सेवा सेतु की पहल से दोबारा सक्रिय हुआ आधार कार्ड, राम साय को फिर मिलने लगेगा योजनाओं का लाभ

जशपुर: जिले के ग्राम गिरालडीह निवासी राम साय के लिए पिछले पांच-छह महीने काफी कठिनाइयों भरे रहे। तकनीकी कारणों से उनका आधार कार्ड निष्क्रिय हो जाने के कारण वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे। आधार कार्ड बंद होने से उनकी दिव्यांग पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन भी रुक गई थी, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय तक समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी समस्या सेवा सेतु के माध्यम से दर्ज कराई।

शिकायत प्राप्त होने के बाद सेवा सेतु की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए। टीम की सक्रिय पहल के परिणामस्वरूप राम साय का आधार कार्ड दोबारा सक्रिय कर दिया गया, जिससे उनकी महीनों पुरानी परेशानी का समाधान हो गया।

आधार कार्ड पुनः चालू होने के बाद अब राम साय फिर से अपनी पात्रता के अनुसार दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन तथा शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच भी पहले की तरह सुचारु हो जाएगी।

समस्या के समाधान के बाद राम साय ने खुशी व्यक्त करते हुए सेवा सेतु की पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर सहायता नहीं मिलती तो उन्हें आगे भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता। सेवा सेतु के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित निराकरण हुआ, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है।

राम साय ने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी पहल और प्रशासन की सक्रियता के कारण आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सेवा सेतु के माध्यम से अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इसी प्रकार लाभ मिलेगा।

सेवा सेतु आम नागरिकों और शासन के बीच एक प्रभावी कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है। विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण कर यह पहल जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सुविधाएं समय पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे न केवल लोगों की समस्याओं का समाधान हो रहा है, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment