जशपुर। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री अभिषेक कुमार ने 4 अगस्त को कुनकुरी एवं बगीचा विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने कुनकुरी एवं बगीचा जनपद पंचायत अंतर्गत कुड़केला, साहीडांड, भीतघरा और सरडीह गांवों का दौरा किया। उन्होंने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की स्थिति का अवलोकन किया।
श्री अभिषेक कुमार ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए उन्हें नियमित रूप से घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर है और स्व-सहायता समूह इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए नियमित कचरा संग्रहण, कचरे का उचित प्रबंधन और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता आवश्यक है।
जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक को स्वच्छता अभियान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में नियमित स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाई जाए, जिससे स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा सके।