मुख्यमंत्री ने बांटे ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा राशि के चेक, शहीद प्रधान आरक्षक राहुल राम प्रधान के परिवार को मिला एक करोड़ रुपये का बीमा लाभ

जशपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पंडरीपानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न बैंकिंग एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को इस अवसर पर लाभ प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि यह योजना परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने के साथ बिजली के खर्च में बचत करने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत नौ हितग्राहियों को 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख 90 हजार रुपये तक के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को अपना व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत दो हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों और हुनरमंद लोगों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है, जिससे वे अपने काम को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ा सकें।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत चार हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए गए। फरसाबहार विकासखंड की किसान श्रीमती लक्ष्मी बाई को किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का स्वीकृति पत्र भी दिया गया।

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण क्षण तब रहा जब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर के प्रधान आरक्षक स्वर्गीय श्री राहुल राम प्रधान के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के प्रति सरकार संवेदनशील है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंकिंग और जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। किसानों को कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड, छोटे व्यापारियों एवं उद्यमियों को व्यवसाय के लिए ऋण तथा कारीगरों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर, मुद्रा और विश्वकर्मा जैसी योजनाएं लोगों को केवल सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने और अपनी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर दे रही हैं। वहीं बीमा योजनाएं जरूरत के समय परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment