जशपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने पंडरीपानी, अंबाकछार और सीमाबाड़ी में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा करते हुए सड़क, सामुदायिक भवन, शिक्षा और खेल अधोसंरचना से जुड़े कई कार्यों को भी मंजूरी देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने पंडरीपानी में मिनी स्टेडियम के साथ पंडरीपानी बाजारपारा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा अंबाकछार और सीमाबाड़ी में भी मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे। इन खेल सुविधाओं के विकसित होने से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को अभ्यास करने तथा अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
क्षेत्र की सड़क सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने हाथीबेड़ से कोतबा गांधी चौक तक लगभग सात किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की। सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही आसपास के गांवों की संपर्क व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने मेन रोड सिसरिंगा में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की भी घोषणा की। इसके साथ ही हाईस्कूल मैदान में चेंजिंग रूम निर्माण और हाईस्कूल प्रांगण के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया है। मूंगी दरबार में पुलिया निर्माण की घोषणा भी मुख्यमंत्री द्वारा की गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, खेल और सामुदायिक अधोसंरचना का विस्तार आवश्यक है। बेहतर सड़कें जहां गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत करती हैं, वहीं खेल मैदान और मिनी स्टेडियम ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। स्कूल परिसरों में सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास विकास की सुविधाओं को केवल शहरों तक सीमित रखने के बजाय ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने का है। क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास को गति दी जाएगी, ताकि लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो और युवाओं को स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
पंडरीपानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की विकास घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि खेल, सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।