मुख्यमंत्री ने ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल का किया शुभारंभ, जशपुर के 10 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ने का अवसर

जशपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कैम्प कार्यालय बगिया में बुधवार को ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल का शुभारंभ किया। जशपुर जिले के विद्यार्थियों में विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र के प्रति रुचि एवं सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल के तहत कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय अंतरिक्ष यात्रा एवं अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस पहल को भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का समर्थन प्राप्त है। कार्यक्रम के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी जानकारी और प्रशिक्षण के साथ आगे चलकर विशेष शैक्षणिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जशपुर के विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। इस प्रकार की पहल से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं अंतरिक्ष जैसे आधुनिक क्षेत्रों को करीब से समझने और अपनी प्रतिभा को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा।

8 विकासखंडों के 10 हजार विद्यार्थियों की होगी स्क्रीनिंग

जिला प्रशासन जशपुर एवं IDYM Foundation के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम के लिए जिले के सभी 8 विकासखंडों को शामिल किया गया है। कक्षा 8वीं से 12वीं तक के लगभग 10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की जाएगी।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने के साथ ही प्रतिभाशाली छात्रों की पहचान करना और उन्हें अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े प्रशिक्षण एवं अनुभव के अवसर उपलब्ध कराना है। चयन प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और प्रतिभा का आकलन किया जाएगा।

सितंबर में परीक्षा, अक्टूबर में रायपुर प्रशिक्षण और बेंगलुरु यात्रा

‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम के लिए 27 अगस्त को पहल की औपचारिक घोषणा और शुभारंभ किया गया है। विद्यार्थियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इसके बाद 26 सितंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों के मूल्यांकन एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया 27 और 29 सितंबर को होगी। इसके पश्चात चयनित विद्यार्थियों को 1 से 7 अक्टूबर तक रायपुर में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम की अगली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में 15 अक्टूबर से बेंगलुरु यात्रा आयोजित की जाएगी। इस दौरान विद्यार्थियों को अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े अनुभव प्राप्त करने के साथ अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से मुलाकात का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम का समापन 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित पुरस्कार समारोह के साथ होगा।

विज्ञान के क्षेत्र में नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और आधुनिक क्षेत्रों से जुड़ने का अवसर उपलब्ध कराने की है। अंतरिक्ष संगवारी जैसी पहल विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के दायरे से आगे बढ़कर विज्ञान, अनुसंधान और अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment