मुख्यमंत्री ने ‘जशपुर एक्सप्रेस योजना’ का किया शुभारंभ, रक्षाबंधन पर 50 बहनों को मिली ई-रिक्शा की सौगात

जशपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कैम्प कार्यालय बगिया में ‘जशपुर एक्सप्रेस योजना’ का शुभारंभ किया। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले की स्व-सहायता समूह से जुड़ी 50 महिलाओं को ई-रिक्शा की सौगात दी। मुख्यमंत्री के हाथों ई-रिक्शा की चाबी पाकर महिलाओं में उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की दीदियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को राखी बांधी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को साड़ी और मिठाई उपहार स्वरूप भेंट की। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने भाई-बहन के स्नेह के साथ महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं आज आत्मनिर्भर बनकर स्वावलंबन की डगर पर तेजी से आगे बढ़ रही हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं किराना दुकान, सब्जी व्यापार और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए।

पिछले रक्षाबंधन पर 14 महिलाओं को मिला था ई-रिक्शा

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले रक्षाबंधन पर्व पर भी स्व-सहायता समूह से जुड़ी 14 महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान किया गया था। इस वर्ष 50 और महिलाओं को ई-रिक्शा देकर इस पहल का विस्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि रायपुर में भी महिलाओं को 92 ई-रिक्शा प्रदान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ उनकी आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, ई-रिक्शा संचालन से महिलाएं प्रतिमाह लगभग 15 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इससे महिलाएं परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग करने के साथ स्वयं अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं।

मुद्रा लोन से भी मिलेगा स्वरोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुद्रा लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे महिलाएं अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार व्यवसाय शुरू कर सकती हैं तथा पहले से संचालित कार्यों का विस्तार कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं को केवल सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें स्थायी आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं संगठित होकर आजीविका के नए अवसर तैयार कर रही हैं।

बगिया में विश्राम गृह और सीसी रोड का भूमिपूजन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बगिया में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विश्राम गृह का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही बगिया में यादव मोहल्ला तक बनने वाली सीसी रोड का भी भूमिपूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क और अन्य अधोसंरचना सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment