रायपुर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन की आपदा के बीच छत्तीसगढ़ सरकार वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार प्रदेश के सभी जिलों से नेपाल गए नागरिकों की जानकारी एकत्रित कर स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है।
रायपुर की मोनिका यादव लापता, संपर्क टूटने के बाद तलाश जारी
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार रायपुर जिले के महादेव घाट, थाना डी.डी. नगर निवासी मोनिका यादव के नेपाल में बाढ़ के बाद से लापता होने की सूचना मिली है। वह 22 अगस्त से नेपाल प्रवास पर थीं और वर्तमान में उनका परिजनों से संपर्क टूट गया है।
राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी सुरक्षित खोजबीन के प्रयास कर रही है।
नागरिकों और परिजनों से सहयोग की अपील
संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। नेपाल गए अथवा वहां रह रहे छत्तीसगढ़ के नागरिकों के संबंध में यदि किसी के पास कोई जानकारी हो तो उसे तत्काल प्रशासन के साथ साझा करने का आग्रह किया गया है।
सहायता और सूचना के लिए जारी हेल्पलाइन
नेपाल आपदा से प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता एवं सूचना के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं—
टोल फ्री नंबर: 1070
कंट्रोल रूम नंबर: 0771-2223471
राज्य सरकार ने कहा है कि नेपाल में प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित नागरिकों व उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहा है।