जशपुर। जिला अस्पताल जशपुर में कार्यरत जीवनदीप समिति के एक वार्ड बॉय का नशे की हालत में ड्रेसिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसकी सेवा समाप्त कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जशपुर जंक्शन पर “नशे में ड्रेसिंग किया गया, जिस पर जिला अस्पताल की व्यवस्था में उठे सवाल” शीर्षक से एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में जिला अस्पताल जशपुर में कार्यरत जीवनदीप कर्मी वार्ड बॉय नशे की हालत में दिखाई दे रहा था।
वायरल वीडियो के संबंध में जांच और प्राप्त तथ्यों के आधार पर यह पाया गया कि संबंधित कर्मी द्वारा नशे की हालत में ड्रेसिंग से संबंधित कार्य किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ सेवा नियमों के विपरीत माना गया।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित जीवनदीप समिति के वार्ड बॉय की सेवा समाप्त कर दी है।