जशपुर। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, सीखने की क्षमता में वृद्धि और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए संचालित विभिन्न नवाचारों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने इन कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इनका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में जश लर्न, जश क्वेस्ट, स्मार्ट क्लासेस, संपर्क स्मार्ट शाला, संपर्क क्लासेस, अंतरिक्ष संगवारी के अंतर्गत एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग और नन्हे सितारे सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने पर जोर दिया।
50 प्रतिभावान विद्यार्थियों को भेजा जाएगा ISRO
कलेक्टर श्री व्यास ने अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम के अंतर्गत एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग के लिए ISRO भेजे जाने वाले 50 प्रतिभावान विद्यार्थियों के चयन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों का चयन विभिन्न चरणों में आयोजित परीक्षाओं के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिभावान विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़कर सीखने का अवसर मिल सके।
जश लर्न के दूसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर ने जश लर्न कार्यक्रम के प्रथम चरण के सफल संचालन के बाद इसके दूसरे चरण की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने तथा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
स्मार्ट क्लासेस की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिन स्कूलों में अभी तक इंटरनेट सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र इंटरनेट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट क्लास के डैशबोर्ड का बेहतर उपयोग कर विद्यार्थियों में विषयों की समझ विकसित करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत करने की बात कही।
सरगुजा ओलंपिक में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने सरगुजा ओलंपिक की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और जिले के अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री पर कड़ाई के निर्देश
कलेक्टर श्री व्यास ने विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसरों के आसपास नियमित निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट, अपार आईडी और विद्यार्थियों को पुस्तक वितरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को योजनाओं और शैक्षणिक सुविधाओं का समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में पत्थलगांव एसडीएम श्री क्षितिज गुरभेले, एसडीएम श्री समीर बड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।