जशपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रयासों से जशपुर जिले को खेल अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इस स्वीकृति के बाद जिला मुख्यालय में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलने की उम्मीद
आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण से जशपुर जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपने ही जिले में बेहतर और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।
फुटबॉल के प्रति जशपुर जिले में खिलाड़ियों और युवाओं की रुचि को देखते हुए यह स्टेडियम खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। स्टेडियम के निर्माण से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा जशपुर जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए मिली 5.49 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस स्टेडियम के निर्माण से जशपुर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए जिले में ही बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।