जशपुर: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में 27वां विश्व दृष्टि दिवस 8 अक्टूबर 2026 को मनाया गया। इस वर्ष की थीम ‘अपनी आंखों से स्नेह करें’ रखी गई है। जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
इसी क्रम में विकासखंड बगीचा अंतर्गत सेक्टर पण्डरापाठ के ग्राम चुन्दापाठ में पहाड़ी कोरवा जनजाति बहुल क्षेत्र के माध्यमिक विद्यालय परिसर में 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर नेत्र जांच और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया।
678 लोगों की हुई जांच, 67 में मोतियाबिंद की पहचान
शिविर के दौरान करीब 678 लोगों का पंजीयन कर नेत्र जांच एवं अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जांच के दौरान 67 लोगों में मोतियाबिंद पाया गया, जबकि 174 लोगों में आंखों से संबंधित अन्य समस्याओं की पहचान कर उपचार किया गया तथा दवाइयां वितरित की गईं।
इसके अलावा 315 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं, 147 लोगों की अन्य बीमारियों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार उपलब्ध कराया गया और दवाइयां वितरित की गईं। अल्प दृष्टि दोष से प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही जरूरतमंद लोगों को कपड़ों का वितरण भी किया गया।
नेत्र रोग विशेषज्ञों ने आंखों की नियमित जांच की दी सलाह
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. सी.पी. एक्का तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ए. मिंज ने लोगों को आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक किया।
विशेषज्ञों ने नशीले पदार्थों और धूम्रपान से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि आंख में चोट लगने या किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करानी चाहिए। उन्होंने समय-समय पर नेत्र रोग विशेषज्ञ से आंखों की जांच कराने और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह भी दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान बगीचा बीएमओ डॉ. उत्तम नागवंशी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन राजीव रंजन मिश्रा, शाखा प्रभारी खुले प्रसाद यादव तथा जिले के नेत्र सहायक अधिकारी दिनेश्वर पैंकरा, पी.आर. अजय, देव कुमार चौधरी, उमेश डनसेना, सुनीता नाग और दिलीप कुमार उपस्थित रहे।
इसके साथ ही नेत्र विभाग के अन्य कर्मचारी, स्टाफ नर्स, सेक्टर पण्डरापाठ के समस्त एएनएम, आरएचओ, सीएचओ, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी शिविर में शामिल हुए।