जशपुर, 18 अक्टूबर 2026। सोशल मीडिया पर हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में जशपुर पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार बेदी (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। कुनकुरी पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 199 और 299 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और उसमें लगा जियो सिम कार्ड भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष ने दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को चराईडांड़ निवासी एवं विश्व हिंदू परिषद के जशपुर जिलाध्यक्ष करनैल सिंह (54 वर्ष) ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को फेसबुक पर हेमंत बेदी नामक व्यक्ति के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी। शिकायत के मुताबिक, पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस पोस्ट से हिंदू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और समाज में नाराजगी उत्पन्न हुई। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस, भागने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन, एसडीओपी कुनकुरी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने पहुंची। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद मोबाइल और सिम जब्त
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट से हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार की। घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और जियो कंपनी का सिम कार्ड जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 17 अक्टूबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। किसी भी व्यक्ति द्वारा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे और दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता तथा नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।