जशपुरनगर, 30 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जशपुर के रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ निर्धारित की गई है।
कलेक्टर रोहित व्यास ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाने की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी मुख्य थीम
इस वर्ष राज्योत्सव 2026 की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके तहत महिला सशक्तीकरण, युवाओं के विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न विभाग अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं, सफल परियोजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएंगे।
कलेक्टर ने कृषि, पशुपालन, जिला पंचायत, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, रेशम विभाग, मत्स्य पालन, जल संसाधन, शिक्षा सहित अन्य विभागों को अपनी उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को हितग्राहियों का चयन समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
विभागों को योजनाओं और उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला पंचायत विभाग को प्रधानमंत्री आवास योजना, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, जशप्योर और पर्यटन से संबंधित स्टॉल लगाने को कहा गया।
इसी प्रकार नगरीय प्रशासन विभाग को मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं उपलब्धियों, विद्युत विभाग को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, परिवहन विभाग को मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना, राजस्व विभाग को सीएम हेल्पलाइन तथा श्रम विभाग को श्रमिक पंजीयन से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
बैंकों को विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देने, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का प्रदर्शन करने तथा पुलिस विभाग और नगर सेना सहित सभी विभागों को आयोजन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक, पेयजल, सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था समय पर करने के निर्देश
कलेक्टर रोहित व्यास ने कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा, पार्किंग, आमंत्रण पत्र वितरण और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
स्थानीय कलाकार देंगे छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की प्रस्तुति
जिला स्तरीय राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
रणजीता स्टेडियम में आयोजित इस समारोह के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, विभागीय उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को आम नागरिकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।