कलेक्टर रोहित व्यास ने जशपुर के 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को टॉप टीचर अवार्ड 2026 से किया सम्मानित ,शिक्षक जिले के रोल मॉडल, उत्कृष्ट कार्य दूसरे शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत: कलेक्टर

जशपुरनगर, 30 अक्टूबर 2026/ जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को टॉप टीचर अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पर्क फाउंडेशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सम्मानित सभी शिक्षक जिले के लिए रोल मॉडल हैं। उनके उत्कृष्ट कार्य दूसरे शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान विषय की पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल संसाधनों की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभिक चरण में 100 माध्यमिक विद्यालयों में टीवी लगाने की योजना की जानकारी दी। कलेक्टर ने सम्पर्क फाउंडेशन के संस्थापक श्री विनीत नायर एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करना उनके उत्साहवर्धन का बेहतर माध्यम है। इससे न केवल सम्मानित शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि अन्य शिक्षक भी प्रेरित होकर अपने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।

इस अवसर पर शिक्षक श्री लव कुमार एवं शिक्षिका श्रीमती सुनैना तिर्की ने अपने विद्यालयों में सम्पर्क फाउंडेशन के शैक्षणिक संसाधनों के उपयोग से आए बदलावों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि डिजिटल सामग्री और गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ी है। साथ ही कठिन विषयों और अवधारणाओं को सरल एवं रोचक तरीके से समझाने में भी काफी मदद मिल रही है। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र सिन्हा, सम्पर्क फाउंडेशन की ओर से राज्य प्रमुख झारखंड श्री अमित कुमार, जिला समन्वयक बिलासपुर श्री ओमनाथ रात्रे एवं जिला समन्वयक जशपुर सुश्री दिव्या पाठक सहित अन्य उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment