CRIME NEWS: झाड़-फूंक से शादी कराने का दावा, फिर नींद की दवा पिलाकर महिला से दुष्कर्म! महिला सहयोगी के साथ मिलकर ऐंठे 6 लाख रुपये, दोनों गिरफ्तार

घरघोड़ा में अंधविश्वास की आड़ में कथित शोषण का मामला, अभिमंत्रित जल बताकर पिलाया नशीला पानी; वेस्टिज बिजनेस में काम दिलाने का भी दिया था झांसा

रायगढ़ | 10 नवंबर 2026 | संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज

शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने के नाम पर झाड़-फूंक का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म और करीब 6 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला रायगढ़ जिले से सामने आया है। आरोप है कि पूजा-पाठ के बहाने महिला को किराये के मकान में बुलाकर अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाया गया। महिला के बेहोश होने के बाद मुख्य आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।

मामले में एक महिला की भूमिका भी सामने आई है, जिस पर मुख्य आरोपी के साथ मिलकर पूरी साजिश रचने का आरोप है। घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

हाथ देखकर भविष्य बताने और बीमारी ठीक करने का करता था दावा

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 40 वर्षीय अविवाहित महिला निवासी लैलूंगा ने 5 नवंबर 2026 को रायगढ़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।

पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में उसकी एक परिचित महिला के माध्यम से चंद्र कुमार जायसवाल से पहचान हुई थी। उसे बताया गया था कि चंद्र कुमार हाथ देखकर भविष्य बताता है और झाड़-फूंक तथा दवाओं से विभिन्न बीमारियों का इलाज करता है।

पीड़िता ने अपनी शारीरिक परेशानी, शरीर में दर्द और विवाह नहीं हो पाने की समस्या आरोपी को बताई। इस पर उसने पूजा-पाठ के जरिए बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही बाधाएं दूर करने का भरोसा दिलाया।

घरघोड़ा बुलाकर रची गई वारदात की साजिश

आरोप है कि 8 मार्च 2026 को चंद्र कुमार ने पीड़िता को पूजा-पाठ के बहाने घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया।

पीड़िता बस से घरघोड़ा पहुंची, जहां आरोपी उसे बाइक से अपने मकान में ले गया। वहां पहले से गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत मौजूद थी।

गायत्री ने पीड़िता से उसकी समस्याओं के बारे में पूछा और पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी तथा लड्डू मंगवाए। इसके बाद उसे नहाकर गीले वस्त्रों में पूजा स्थल पर आने के लिए कहा गया। साथ ही यह भरोसा दिलाया गया कि पूजा के दौरान वह स्वयं वहां मौजूद रहेगी।

पानी पीते ही आने लगे चक्कर, फिर बेहोश हुई महिला

पीड़िता के आरोप के मुताबिक, पूजा-पाठ और हवन के दौरान चंद्र कुमार ने उसे अभिमंत्रित जल बताकर पानी पीने के लिए दिया। कुछ देर बाद ही उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई।

महिला ने आरोप लगाया कि उसकी बेहोशी की हालत में चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।

होश में आने के बाद जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने बीमारी ठीक करने और विवाह में आ रही बाधाएं दूर करने के नाम पर अपने कृत्य को सही ठहराने का प्रयास किया।

पूजा से शुरू हुआ मामला, 6 लाख रुपये तक पहुंची वसूली

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए।

इसके बाद वेस्टिज कंपनी में बिजनेस और काम दिलाने का झांसा देकर उससे लगातार रुपये लिए गए। इस तरह अलग-अलग बहानों से करीब 6 लाख रुपये वसूलने का आरोप है।

पीड़िता ने जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो उसे डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।

मुख्य आरोपी और महिला सहयोगी गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद घटना का मूल स्थान घरघोड़ा थाना क्षेत्र होने के कारण मामला घरघोड़ा पुलिस को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विवेचना शुरू कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पूर्व में प्रेम संबंध में थे। दोनों ने मिलकर पीड़िता को घरघोड़ा बुलाने और पूजा-पाठ के दौरान नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 8 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

BNS की इन धाराओं में अपराध दर्ज

घरघोड़ा थाना में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 61(2), 49, 123 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में चंद्र कुमार जायसवाल (45 वर्ष), निवासी ग्राम टांडीपार, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, हाल मुकाम लैलूंगा तथा गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39 वर्ष), निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, थाना धरमजयगढ़ शामिल हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह की लोगों से अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।

इस मामले की विवेचना और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

स्रोत: रायगढ़ पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक 09 नवंबर 2026।

ऐसी ही अपराध, पुलिस कार्रवाई और छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए पढ़ें संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज। छत्तीसगढ़ की बात सीधे आपके साथ।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment