जशपुर में रोंगटे खड़े कर देने वाला हत्याकांड: अंग बेचकर अमीर बनने की सनक में 5 साल के मासूम की हत्या! आरोपी ने शव के साथ की दरिंदगी

जशपुर के सन्ना में जितेन्द्र राम हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, बच्चे को शराब पिलाकर की हत्या; किडनी, फेफड़ा और आंख निकालने की बात आरोपी ने कबूली

जशपुरनगर | 10 नवंबर 2026 | संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज

जशपुर जिले के सन्ना से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। महज 4-5 साल के मासूम जितेन्द्र राम की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर जल्दी ज्यादा पैसा कमाने के तरीके खोज रहा था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया और इसी कथित मंशा से उसने मासूम की हत्या कर दी।

आरोपी ने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर शराब पिलाई और उसके सो जाने पर चाकू से हत्या कर दी। इसके बाद बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़ा और आंख निकालने की बात भी आरोपी ने पुलिस को बताए गए अपने मेमोरेंडम कथन में स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

दो दिन तक तलाशते रहे परिजन, खेत के गड्ढे में मिला शव

मृतक बालक के पिता रामजीत राम निवासी ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ ने 7 नवंबर को थाना सन्ना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 4-5 वर्षीय बेटा जितेन्द्र राम 5 नवंबर से लापता है।

परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी करने ग्राम सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास झोपड़ी बनाकर रह रहा था।

आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू रिश्ते में बच्चे के पिता का ममेरा भाई बताया गया है। उसका परिवार के घर आना-जाना था।

बच्चे की तलाश के दौरान 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में एक व्यक्ति के खेत में पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी। जब उसे खोला गया तो उसके अंदर कंबल और गोदरी में लिपटा मासूम का शव मिला।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पिता के साथ शराब पी, फिर मासूम को बहलाकर ले गया

जशपुर पुलिस की जांच में सामने आया कि 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे आरोपी रामजीत राम के घर के पास पहुंचा था। वह रामजीत और एक अन्य परिचित व्यक्ति को अपने साथ शराब पीने ले गया।

शराब पीने के बाद दोनों व्यक्ति बस स्टैंड की ओर चले गए। आरोपी वापस लौटते समय रास्ते में रामजीत के बेटे जितेन्द्र को मिला और उसे बहलाकर अपने साथ खेत में बनी झोपड़ी में ले गया।

इसके बाद आरोपी बच्चे को महानदी डेम के पास भी ले गया और कुछ समय जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस आया।

जल्दी अमीर बनने की चाह में बनाया खौफनाक इरादा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में अधिक पैसा कमाना चाहता था।

इसी उद्देश्य से वह सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके खोजता रहता था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।

आरोपी के कथित मेमोरेंडम कथन के अनुसार, उसने बच्चे को शराब पिलाई और उसके नशे में सो जाने के बाद चाकू से उसकी हत्या कर दी।

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद उसने बच्चे के शरीर से कुछ अंग निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रखे और शव को बोरी में भरकर खेत के गड्ढे में छिपा दिया।

आरोपी की निशानदेही पर मिले महत्वपूर्ण साक्ष्य

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक बालक का शव, वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे शरीर से निकाले गए अंग और आरोपी का मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इन धाराओं में दर्ज है अपराध

थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविन्द्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संपादकीय टिप्पणी: यह मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और सोशल मीडिया पर उपलब्ध भ्रामक एवं गैरकानूनी सामग्री के दुष्प्रभावों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

जशपुर सहित छत्तीसगढ़ की हर बड़ी खबर, अपराध और पुलिस कार्रवाई की अपडेट के लिए पढ़ें संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज। छत्तीसगढ़ की बात सीधे आपके साथ।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment