चरित्र शंका को लेकर पहली पत्नी से करता था विवाद और मारपीट, दूसरी महिला के साथ पंडरापाठ में रह रहा था आरोपी; बगीचा पुलिस ने किया गिरफ्तार
जशपुरनगर | संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज | 10 नवंबर 2026
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम रनपुर में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चरित्र शंका को लेकर आरोपी ने अपनी पहली पत्नी इन्द्रमुनी के साथ टांगी के पासा और डंडे से मारपीट की थी। बाद में वह पत्नी को उपचार कराने के बहाने बोलेरो वाहन में ले गया। अगली सुबह महिला का शव उसी वाहन में मिला। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोलो राम (43 वर्ष), निवासी ग्राम रनपुर, थाना बगीचा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी ग्राम लरंगा स्थित बालक छात्रावास में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक के पद पर कार्यरत है।
एक साल पहले दूसरी महिला को बनाया था पत्नी
जशपुर पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपी की पहली पत्नी इन्द्रमुनी अपने दोनों बेटों के साथ ग्राम रनपुर में रहती थी। वहीं आरोपी करीब एक साल पहले एक अन्य महिला को पत्नी बनाकर रखने लगा था और उसके साथ पंडरापाठ क्षेत्र में रहने लगा था।
प्रार्थी रोशन कुमार (20 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि जब भी उसका पिता कोलो राम गांव आता था, तब वह उसकी मां के चरित्र पर संदेह करते हुए विवाद और मारपीट करता था।
टांगी के पासा से पीठ पर किए दो वार
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे आरोपी रनपुर स्थित घर पहुंचा। घर के अंदर जाकर पत्नी इन्द्रमुनी के साथ चरित्र शंका को लेकर गाली-गलौज करने लगा।
इसी दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे टांगी के पासा से पत्नी की पीठ पर दो बार वार किया। इसके बाद उसे घर से बाहर खींचकर ले गया और पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से मारपीट करने लगा।
परिजनों और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपी से छुड़ाया। मारपीट के कारण महिला के पीठ और हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं। इसके बाद दोनों बेटे अपनी मां को घर ले आए।
इलाज के बहाने ले गया, सुबह बोलेरो में मिला शव
घटना का सबसे अहम घटनाक्रम इसके बाद सामने आया। पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद आरोपी कोलो राम वापस पहुंचा और पत्नी को उपचार कराने के लिए बोलेरो वाहन से ले जाने की बात कही।
वह महिला को लेकर चला गया। रात करीब 4 बजे आरोपी फिर रनपुर स्थित घर वापस आया। सुबह करीब 6 बजे बेटे रोशन कुमार ने घर के पास खड़ी बोलेरो का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी मां इन्द्रमुनी बीच वाली सीट पर मृत अवस्था में पड़ी थी। आरोपी पिता वहां मौजूद नहीं था।
बेटे की रिपोर्ट पर हत्या का केस, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
घटना के बाद मृतिका के बेटे रोशन कुमार ने 8 नवंबर को थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कोलो राम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन जब्त किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र मिंज और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ऐसी ही जशपुर जिले और छत्तीसगढ़ की अपराध, प्रशासन एवं जनहित से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ें संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज।