11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे मतदाता सूची में नाम, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन
जशपुरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में जशपुर जिले की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है। जारी सूची के अनुसार जिले में कुल 6,30,876 मतदाता दर्ज हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी।
12 नवंबर को कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारंभिक मतदाता सूची की एक-एक प्रति और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या
- जशपुर विधानसभा : 2,20,176
- कुनकुरी विधानसभा : 1,94,713
- पत्थलगांव विधानसभा : 2,15,987
जिले में कुल 6,30,876 मतदाता दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त सेवा निर्वाचकों की संख्या 1,747 है।
4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन
निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां 11 दिसंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
ऑनलाइन भी जुड़वा सकते हैं नाम
पात्र नागरिक ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम ऑनलाइन जुड़वा सकते हैं।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीयन से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा की गई।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में अपर कलेक्टर ने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
जशपुर जिले की चुनाव, प्रशासन और जनहित से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ें संवाद छत्तीसगढ़।