जशपुर। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला हैं। इसी संदेश के साथ मेरा युवा भारत, जशपुर के तत्वावधान में पीएम श्री सेजेस मनोरा के विद्यालय सभागार में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष ने की। एम.पी. एक्का एवं जे.एन. बैरागी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। इसकी लत से न केवल व्यक्ति का भविष्य बर्बाद होता है, बल्कि पूरा परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सेवा के कार्यों में आगे आने की अपील की।
पड़ोस युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने, नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित मेरा युवा भारत की ओर से हेमराज सिंह, शिवकुमार चौहान, हरि भगत एवं माधुरी यादव ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
जशपुर जिले की शिक्षा, युवा गतिविधियों और जनहित से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ें संवाद छत्तीसगढ़।