जशपुर के बसलंघना गांव की घटना, बांस और लकड़ी के डंडे से किया हमला, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
जशपुर। खेत में बैल के धान चरने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बुजुर्ग की जान लेने तक पहुंच गया। जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसलंघना में 52 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर 56 वर्षीय बुजुर्ग के साथ बांस और लकड़ी के डंडे से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बैल के खेत में धान चरने पर हुआ विवाद
जशपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक एतवा राम 11 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:15 बजे अपने बैलों को चराने के लिए घर के नीचे टंगरागढ़ा खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव के ही फिटू राम उर्फ धनक राम (52 वर्ष) ने अपने खेत में बैलों द्वारा धान चरने की बात को लेकर नाराजगी जताई।
आरोप है कि फिटू राम ने एतवा राम को खेत से बैल भगाने के लिए कहा। मृतक के तत्काल प्रतिक्रिया नहीं देने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और बांस के डंडे से उनकी पीठ एवं जांघ पर वार करने लगा। इसके बाद उसने लकड़ी का मोटा डंडा उठाकर उनके हाथों पर भी कई वार किए और लात-घूंसों से मारपीट की।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
मारपीट में एतवा राम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें स्कॉर्पियो वाहन से जिला अस्पताल जशपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन दीपक बघेल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
आरोपी की निशानदेही पर डंडे बरामद
पुलिस ने संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से वारदात में प्रयुक्त बांस और लकड़ी के दो डंडे बरामद कर जब्त किए गए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, सहायक उप निरीक्षक एसन पॉल, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह, रवि कुमार, देवानंद और देविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर जिले की अपराध, पुलिस कार्रवाई और जनहित से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़।