पीएम जनमन योजना से जशपुर के बगीचा में बनेंगे 5 बड़े पुल, 16.03 करोड़ रुपये स्वीकृत

जशपुरनगर। जशपुर जिले के दूरस्थ जनजातीय अंचलों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत बगीचा विकासखंड में पांच वृहद पुलों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों पर कुल 16.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

वर्ष 2026-27 बैच-I के तहत छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन पुलों को मंजूरी दी है। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के 6 नवंबर 2026 के पत्र के अनुसार प्रदेश में स्वीकृत 167 पुलों में जशपुर जिले के ये पांच कार्य शामिल हैं।

बगीचा विकासखंड में कहां-कहां बनेंगे पुल

स्वीकृत कार्यों में डंगरी से दरावाकोना मार्ग के नाले पर 60 मीटर लंबा पुल 356.23 लाख रुपये की लागत से बनेगा। जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के लिए 183.21 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण पर 404.19 लाख रुपये खर्च होंगे। बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर मार्ग के नाले पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 352.67 लाख रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 307.04 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बारिश में आवागमन की परेशानी होगी कम

इन पुलों के बनने से बरसात के दौरान नालों में पानी भरने के कारण रास्ता बाधित होने की समस्या कम होगी। ग्रामीणों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी।

विभागीय जानकारी के अनुसार स्वीकृत राशि के भीतर ही निर्माण कार्य पूरे किए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति के बाद नियमानुसार काम शुरू होगा।

जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की विकास, सड़क और जनहित से जुड़ी खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। वेबसाइट: samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment