जशपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यानिकी विभाग ने बगीचा विकासखंड के ग्राम बहोरा में मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण आयोजित किया। 23 नवंबर को हुए इस प्रशिक्षण में आठ स्व-सहायता समूहों के सदस्य और तीन कृषक सहित कुल 11 हितग्राही लाभान्वित हुए।
प्रशिक्षण में विभागीय कर्मचारियों ने मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। हितग्राहियों को मधुमक्खी बॉक्स की स्थापना, कॉलोनी का रखरखाव, शहद उत्पादन और शहद निकालने की वैज्ञानिक विधि समझाई गई।
मौसम, रोग और कीट प्रबंधन की भी दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मधुमक्खियों के अनुकूल वातावरण तैयार करने, मौसम के अनुसार देखभाल तथा रोग एवं कीट प्रबंधन के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि मधुमक्खी पालन कम भूमि में शुरू किया जा सकने वाला व्यवसाय है, जिससे शहद और अन्य उत्पादों के माध्यम से अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हो सकती है।
मधुमक्खियों के परागण से फल, सब्जियों और अन्य फसलों के उत्पादन तथा गुणवत्ता में भी लाभ मिलता है। विभागीय कर्मचारियों ने स्व-सहायता समूहों और किसानों को इसे आजीविका के अतिरिक्त साधन के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मधुमक्खी कॉलोनी और छत्ते पर 2 हजार रुपये अनुदान
राज्य पोषित योजना के अंतर्गत मधुमक्खी कॉलोनी एवं मधुमक्खी छत्ते की कुल इकाई लागत 4,000 रुपये निर्धारित है। इस पर हितग्राही को 2,000 रुपये अनुदान देने का प्रावधान है। योजना के माध्यम से किसानों और स्व-सहायता समूहों को मधुमक्खी पालन अपनाने के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
कृषि, बागवानी और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी उपयोगी खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। वेबसाइट: samvadchhattisgarh.com