बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें, उनकी प्रतिभा पहचानें: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

Please Share With Your Friends Also

रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को दिया संदेश

दुर्ग। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि बच्चों की सफलता को केवल परीक्षा के अंकों या स्कूल की रैंकिंग से नहीं आंकना चाहिए। हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है कि अभिभावक और शिक्षक उसकी रुचि तथा क्षमता पहचानकर उसे आगे बढ़ने का अवसर दें। वे भिलाई के कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, धैर्य, जुनून और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने का जज्बा जीवन में सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। बच्चों पर केवल टॉपर बनने का दबाव डालने के बजाय उन्हें अपनी पसंद के क्षेत्र में बेहतर करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

📌 यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड की अवसर परीक्षाओं का कार्यक्रम

खेल, कला, विज्ञान और उद्यमिता में भी अवसर

वित्त मंत्री ने कहा कि आज युवाओं के सामने खेल, कला, संस्कृति, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर हैं। अभिभावकों को बच्चों की स्वाभाविक रुचि समझनी चाहिए और उनकी प्रतिभा को निखारने में सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने असफलताओं को सीखने का अवसर बताते हुए कहा कि बच्चों को निराश होने के बजाय उनसे सीखकर दोबारा प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

📌 यह पढ़ें: छत्तीसगढ़ में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की पहल

गांव से आईएएस बनने तक का सफर साझा किया

श्री चौधरी ने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए बताया कि वे छोटे से गांव से पढ़ाई के लिए भिलाई आए थे। आठ वर्ष की उम्र में पिता का निधन हो गया था। चौथी कक्षा तक पढ़ीं उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में पालन-पोषण किया और शिक्षा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि निरंतर मेहनत के बाद 22 वर्ष की उम्र में पहले प्रयास में उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा में हुआ।

उन्होंने लगभग 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में काम किया और रायपुर, जांजगीर-चांपा तथा दंतेवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद राजनीति में आए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और मेहनत से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

📌 यह भी पढ़ें: बच्चों के अधिकार और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा अभियान

राष्ट्रीय संस्थानों से बढ़ रहे शैक्षणिक विकल्प

वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, निफ्ट, नाइलेट और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों की मौजूदगी से युवाओं के लिए शिक्षा और करियर के विकल्प बढ़े हैं। उन्होंने रूंगटा ग्रुप के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा ग्रुप के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

दुर्ग-भिलाई की शिक्षा, युवाओं और समाज से जुड़ी खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। https://samvadchhattisgarh.com

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

1 thought on “बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें, उनकी प्रतिभा पहचानें: वित्त मंत्री ओपी चौधरी”

Leave a comment