जशपुर, 23 अप्रैल 2026। सिंगीबहार में स्थित एक टायर गोदाम में अचानक आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आसपास के घरों और पोल्ट्री फार्म को सुरक्षित बचा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ। नगर पंचायत कुनकुरी की अग्निशामक टीम को मौके पर भेजा गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो आग आसपास के घरों और अन्य संपत्तियों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
मौके पर प्रभारी एसडीएम फरसाबहार नंदजी पांडे और तपकरा तहसीलदार सुशील सेन भी तत्काल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। अधिकारियों की मौजूदगी में फायर टीम ने लगातार प्रयास कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
स्थानीय लोगों ने अग्निशमन टीम और प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। उनका कहना है कि समय पर मदद मिलने से बड़ा नुकसान टल गया और क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रशासन की सजगता और त्वरित कार्रवाई से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।




















