प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित ,बहादुरी, खेल, विज्ञान, कला एवं सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट उपलब्धि वाले बच्चों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

जशपुरनगर 14 जून 2026/ भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का उद्देश्य देश के ऐसे प्रतिभाशाली एवं प्रेरणादायी बच्चों को सम्मानित करना है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल कर समाज में अपनी विशेष पहचान बनाई है। यह पुरस्कार 18 वर्ष तक की आयु के उन बच्चों को प्रदान किया जाएगा जिन्होंने बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो। पुरस्कार के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदान करने के साथ-साथ अन्य बच्चों को भी प्रेरित किया जाएगा।

     महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक बच्चे स्वयं अथवा उनके माता-पिता, शिक्षक, अधिकारी या अन्य व्यक्ति उनकी ओर से नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन केवल भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन हेतु पोर्टल 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ कर दिया गया है तथा ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी राष्ट्रीय बाल पुरस्कार पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान आवेदक को अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, आधार संख्या सहित आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार की संबंधित श्रेणी का चयन कर आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन के साथ उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य रहेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग जशपुर ने जिले के पात्र एवं प्रतिभाशाली बच्चों,अभिभावकों तथा शिक्षकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment