छह राज्यों के 150 युवाओं से मिले अरुण साव, बोले- देश की विविधता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

रायपुर। छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं ने उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर सात दिवसीय ‘वंदे मातरम् शिविर’ के अनुभव साझा किए। इस दौरान श्री साव ने कहा कि भारत की विविधता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

छह राज्यों के 150 युवाओं ने लिया शिविर में हिस्सा

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) द्वारा आयोजित शिविर में त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुल 150 युवा शामिल हुए। 17 से 23 नवंबर तक चले सात दिवसीय कार्यक्रम में युवाओं ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास गतिविधियों को करीब से जाना।

‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका

नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में युवाओं को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और नेतृत्व की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। युवाओं में देश को दुनिया में अग्रणी बनाने की योग्यता, क्षमता और आत्मविश्वास है। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

श्री साव ने कहा कि सात दिनों के शिविर में युवाओं ने केवल मित्र नहीं बनाए, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों में नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं। भाषा, खानपान और वेशभूषा की विविधता के बावजूद भारत की एकता अटूट है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना ही ऐसे शिविरों का मूल उद्देश्य है।

सफलता के लिए आत्मविश्वास और धैर्य जरूरी

युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में चुनौतियां आती रहती हैं। आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस रखने वाले ही आगे बढ़ते हैं। उन्होंने युवाओं से शिविर से मिली ऊर्जा और उत्साह को जीवनभर बनाए रखने की अपील की। नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत का ज्ञान भी होना चाहिए।

संग्रहालय, विधानसभा और सिरपुर का किया भ्रमण

शिविर के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इसके साथ ही नवा रायपुर के आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन, छत्तीसगढ़ विधानसभा और सिरपुर का भ्रमण किया। युवाओं ने ‘सियान गुड़ी’ में बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया तथा डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता से जुड़े संवादात्मक सत्रों में भाग लिया।

कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

स्रोत: जारी प्रेस विज्ञप्ति।

देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े युवाओं की ऐसी प्रेरक गतिविधियों और छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। अधिक अपडेट के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment