रायपुर, 24 जून 2026। प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को आजीविका और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा आगामी 1 जुलाई 2026 से लागू की जा रही वीबी जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना को लेकर पूरे प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और जिला स्तर पर लगातार प्रशिक्षण, बैठकें एवं ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों और लाभों की जानकारी दी जा रही है।
सांकरा और देवरी में दिखा उत्साह, ग्रामीणों ने बनाई मानव श्रृंखला
योजना के प्रति ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा एवं देवरी में ग्रामीणों ने जनजागरूकता के लिए मानव श्रृंखला बनाकर अनूठी पहल की। ग्रामीणों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर “वीबी जी राम जी – गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी”, “रोजगार और आजीविका का नया संबल” तथा “समृद्ध गांव, सशक्त परिवार” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने की सराहना
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बेमेतरा की इस पहल की सराहना करते हुए लिखा कि छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से आई यह तस्वीर ग्रामीणों की जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी मानव श्रृंखला के माध्यम से किए जा रहे जनजागरूकता प्रयासों को सराहनीय बताया है।
पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाने का लिया संकल्प
मानव श्रृंखला के दौरान ग्रामीणों ने यह संदेश दिया कि यह योजना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी का अभियान है। ग्रामीणों ने अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने तथा लोगों को इसकी जानकारी देने का संकल्प भी लिया।
ग्राम सभाओं में दी जा रही विस्तृत जानकारी
ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि वीबी जी राम जी योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, आर्थिक गतिविधियों का विस्तार करना तथा परिवारों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
30 जून तक पूरा होगा प्रशिक्षण अभियान
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कार्ययोजना के अनुसार 30 जून 2026 तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कठिनाई न आए और पात्र परिवारों को समय पर लाभ मिल सके।
लाखों ग्रामीण परिवारों को मिलेगा लाभ
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, रथ प्रचार एवं डिजिटल माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से लोगों को योजना की जानकारी देने में जुटे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि यह योजना गांवों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लाइव आकर दी जानकारी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर लाइव प्रसारण के माध्यम से आगामी ग्राम सभाओं और वीबी जी राम जी योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की तथा लाइव सत्र के दौरान नागरिकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया।