रायपुर: रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया नमन, कहा- उनका साहस आज भी देता है नई पीढ़ी को दिशा

रायपुर, 24 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित केनाल लिंकिंग रोड पर वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनका जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत करता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रानी दुर्गावती का शौर्य और त्याग आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का प्रकाश स्तंभ है। उनकी गौरवगाथा हमें विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के लिए अपने गौरवशाली इतिहास और महान विभूतियों का स्मरण करना अत्यंत आवश्यक है। जो समाज अपनी विरासत और इतिहास को भूल जाता है, उसका भविष्य भी संकटग्रस्त हो जाता है, जबकि अपने महापुरुषों का सम्मान करने वाला समाज सदैव प्रगति के पथ पर अग्रसर रहता है।

मुगल सेना के सामने दिखाई अद्वितीय वीरता

मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मुगल साम्राज्य की विशाल सेना के सामने अद्वितीय वीरता का परिचय दिया। मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उन्होंने अंतिम क्षण तक संघर्ष किया तथा वीरगति को प्राप्त हुईं। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में साहस, सम्मान और आत्मगौरव के अप्रतिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।

‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र पर आगे बढ़ रहा देश

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। विकास की यात्रा तभी सार्थक मानी जा सकती है, जब सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक चेतना और महान विभूतियों के योगदान को भी समान महत्व दिया जाए। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती ने जिस राष्ट्रचेतना, स्वाभिमान और संघर्ष की भावना का संचार किया, वह आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रही है।

विकसित भारत के निर्माण में प्रेरणास्रोत हैं रानी दुर्गावती

मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन केवल इतिहास का विषय नहीं है, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री विकास मरकाम, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूप सिंह मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment