सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को बड़ी मंजूरी, जल संसाधन विभाग ने स्वीकृत किए 146.43₹ करोड़,जशपुर सहित पांच जिलों में जलाशय, एनीकट, स्टॉपडेम और नहरों के निर्माण- जीर्णोद्धार से किसानों को मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और पुरानी जल संरचनाओं के उन्नयन की दिशा में जल संसाधन विभाग ने बड़ी पहल की है। विभाग ने अपरीक्षित नवीन मद के अंतर्गत विभिन्न सिंचाई योजनाओं के 36 कार्यों के लिए 146 करोड़ 43 लाख 95 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों में जलाशय निर्माण, एनीकट, स्टॉपडेम, नहरों का उन्नयन एवं जीर्णोद्धार सहित अन्य अधोसंरचना कार्य शामिल हैं।

स्वीकृत कार्यों से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा और जशपुर जिले में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को बेहतर जल उपलब्धता मिलेगी।

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में छह सिंचाई कार्यों को मंजूरी

जिले में खरला एनीकट योजना के लिए 4 करोड़ 69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 90 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी। झिरियानाला स्टॉपडेम योजना के लिए 3 करोड़ 87 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा खटम्बर व्यपवर्तन योजना में नहर उन्नयन एवं सीसी चैनल निर्माण के लिए 4 करोड़ 93 लाख रुपये, कोडांगी व्यपवर्तन योजना के नहर जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ 38 लाख रुपये, कौड़िया एनीकट के लिए 4 करोड़ 50 लाख रुपये तथा गुडरू व्यपवर्तन योजना के शीर्ष एवं नहर उन्नयन के लिए 4 करोड़ 99 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सूरजपुर में जलाशयों के नवीनीकरण पर जोर

सूरजपुर जिले में कई महत्वपूर्ण जलाशय योजनाओं के नवीनीकरण को मंजूरी मिली है। कल्याणपुर जलाशय के लिए 3 करोड़ 89 लाख रुपये, बद्रिकाश्रम जलाशय के लिए 4 करोड़ 43 लाख रुपये, पसला जलाशय के लिए 4 करोड़ 6 लाख रुपये और जामडीह जलाशय के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके साथ ही गंगोटी जलाशय, डांडकरवां एनीकट और मायापुर-2 जलाशय योजना के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन योजनाओं के पूरा होने से सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने की संभावना है।

सरगुजा और बलरामपुर में भी होंगे बड़े सिंचाई कार्य

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में चरगढ़ नाला स्टॉपडेम, कामेश्वरनगर जलाशय, बाहरचुरा बांध, जरहाडी नाला एनीकट, अलखडीहा जलाशय और भुरसाटोली जलाशय सहित कई कार्यों को मंजूरी दी गई है।

वहीं सरगुजा जिले में बोदार नाला स्टॉपडेम कम काजवे, बकमेर स्टॉपडेम कम काजवे, चन्दनई व्यपवर्तन योजना, कंचनपुर जलाशय नहर जीर्णोद्धार, लेदराडांड करोवापारा व्यपवर्तन योजना, मांड नदी भण्डारडांड एनीकट और सरमना सिंचाई सुधार एवं विस्तार कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

जशपुर जिले को मिली महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं की सौगात

जशपुर जिले में लुखी जलाशय योजना के निर्माण के लिए 4 करोड़ 99 लाख 63 हजार रुपये और हर्री जलाशय योजना के लिए 4 करोड़ 99 लाख 96 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। दोनों जलाशय योजनाओं के पूरा होने पर क्रमशः 125-125 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके अलावा ग्राम पंचायत दाराखारिया में छठघाट निर्माण के लिए 4 करोड़ 4 लाख रुपये, पायर पखना-सुकबासुपारा-बारो स्टॉपडेम योजना के लिए 4 करोड़ 82 लाख रुपये तथा कुनकुरी में कार्यालयीन भवन एवं परिसर निर्माण के लिए 4 करोड़ 68 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

तुम्बाजोर व्यपवर्तन योजना के शीर्ष कार्य के लिए 4 करोड़ 59 लाख 59 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना से 415 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलने की संभावना है। वहीं उप संभाग पत्थलगांव के कार्यालय भवन निर्माण एवं चार आवासीय भवनों के उन्नयन के लिए 1 करोड़ 49 लाख 92 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन स्वीकृतियों से प्रदेश में सिंचाई अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ किसानों को खेती के लिए बेहतर जल सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। जलाशयों, एनीकटों, स्टॉपडेमों और नहरों के निर्माण एवं उन्नयन से कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment