नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार और रोजगार के नए अवसरों को लेकर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की कोसा, हथकरघा और पारंपरिक वस्त्रों की समृद्ध विरासत का उल्लेख करते हुए इनके उत्पादन, विपणन और बाजार विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही स्थानीय एवं छोटे उद्योगों को टेक्सटाइल क्षेत्र से जोड़ने और निवेश को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री ने कारीगरों और युवाओं के लिए टेक्सटाइल क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वस्त्र कला और स्थानीय संसाधनों को आधुनिक बाजार से जोड़कर इस क्षेत्र को नई दिशा दी जा सकती है।
बैठक में छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योगों के विस्तार और नए निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। उम्मीद है कि इस दिशा में होने वाले प्रयासों से राज्य के हथकरघा, वस्त्र उद्योग और इससे जुड़े कारीगरों को नई संभावनाएं मिलेंगी।