जशपुर: खेत में किसानों संग उतरे भाजयुमो जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव, धान की रोपाई कर साझा किया भोजन

जशपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव विधानसभा कुनकुरी के जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्राम पंचायत बासनताला पहुंचे। गांव से गुजरते समय सड़क किनारे किसानों को धान की रोपाई करते देखकर वे खेत में पहुंच गए और किसानों के साथ मिलकर धान की रोपाई की।

विजय आदित्य सिंह जूदेव ने किसानों से धान रोपाई की तकनीक समझी और स्वयं खेत में उतरकर रोपाई का अनुभव लिया। जशपुर राज परिवार के सदस्य को अपने बीच खेत में काम करते देखकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। रोपाई के बाद उन्होंने किसानों के साथ बैठकर भोजन भी किया, जिससे ग्रामीणों के साथ उनकी मुलाकात और अधिक आत्मीय बन गई।

ग्रामीणों से बातचीत के दौरान जूदेव ने कहा कि मिट्टी से जुड़ने और अपने लोगों के साथ समय बिताने के ऐसे पल जीवनभर याद रहते हैं। उन्होंने कहा कि अपनापन, सहयोग और एकता ही गांव और मिट्टी की वास्तविक पहचान है।

इस दौरान उन्होंने किसानों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से ऋण सुविधा, खाद-बीज की उपलब्धता सहित विभिन्न योजनाओं से किसानों को लाभ मिल रहा है।

खेत में किसानों के साथ सहजता से काम करने और उनके साथ भोजन करने के जूदेव के अंदाज ने ग्रामीणों को प्रभावित किया। ग्रामीणों ने उनकी सहजता और मिलनसार व्यवहार की सराहना की। इस दौरान स्वर्गीय पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री दिलीप सिंह जूदेव की ग्रामीणों के बीच सहज और आत्मीय कार्यशैली की भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत बासनताला के उपसरपंच हेमंत यादव, कुनकुरी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष उमेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment