जशपुर: पंडरापाठ में खलिहान विवाद में खूनी झड़प—लाठी, डंडे और सब्बल से हमला, पुलिस ने बाप-बेटों को किया गिरफ्तार…!

जशपुर, 24 अप्रैल 2026। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी पंडरा पाठ के ग्राम अंबाडीपा (सेंधमार) में शासकीय काबिज जमीन को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर लकड़ी, डंडे और लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाप-बेटों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले में चौकी पंडरा पाठ में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 191(3) व 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी, डंडे और लोहे के सब्बल को भी जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:

1. मदन यादव, पिता ठूनू यादव, उम्र 61 वर्ष, निवासी ग्राम अंबाडीपा, चौकी पंडरा पाठ, जिला जशपुर


2. ठाकुर दयाल यादव, पिता मदन यादव, उम्र 36 वर्ष


3. सत्यपाल यादव, उम्र 32 वर्ष
(दोनों निवासी ग्राम अंबाडीपा, चौकी पंडरा पाठ, जिला जशपुर)



मामले का संक्षिप्त विवरण:
प्रार्थी जवाहर यादव (उम्र 37 वर्ष), निवासी ग्राम अंबाडीपा, चौकी पंडरा पाठ ने दिनांक 20.01.2026 को चौकी में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पूर्वजों के समय से घर के पास शासकीय काबिज जमीन पर खलिहान व गोठान के रूप में उपयोग किया जाता रहा है। इसी जमीन को गांव के ही ठाकुर दयाल यादव, मदन यादव और सत्यपाल यादव (बाप-बेटे) अपना बताकर लगातार विवाद करते रहे और जमीन अपने नाम कराने का प्रयास करते रहे।

दिनांक 20.04.2026 को सुबह लगभग 09:30 बजे प्रार्थी की भतीजी प्रतिभा, भतीजा मिथलेश, बेटी मंजू यादव, बेटा संदीप यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य खलिहान में पैरा लेने गए थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष भी वहां मौजूद था और जमीन को अपना बताते हुए प्रार्थी पक्ष को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से हमला कर दिया।

इस हमले में प्रार्थी पक्ष के बिहारी यादव, सुमित्रा यादव और जयंती यादव के सिर, माथे और पैरों में चोटें आईं।

रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण किया और घायलों को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल बगीचा में भर्ती कराया।

जांच के दौरान आरोपी मदन यादव, ठाकुर दयाल यादव और सत्यपाल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी, डंडे और लोहे के सब्बल को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस टीम की भूमिका:
मामले की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, प्रधान आरक्षक विनोद केरकट्टा, आरक्षक मंगल राम, दिनेश भगत एवं कुंदन नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि पंडरा पाठ क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment