Breaking CG: हड़ताली पटवारियों को काम पर लौटने का अल्टीमेटम, संभाग के सभी 819 पटवारियों को नोटिस जारी ,अनुपस्थित रहने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग में हड़ताल पर गए सभी 819 पटवारियों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा ने संबंधित पटवारियों को तत्काल अपने कर्तव्य पर उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में सरगुजा संभाग के सभी 6 जिलों के अनुविभागीय दण्डाधिकारियों (एसडीएम) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

संभागायुक्त ने एसडीएम को निर्देशित किया है कि उनके अनुविभाग में हड़ताल पर गए सभी पटवारियों को नोटिस जारी कर तत्काल अपने कर्तव्य पर उपस्थित होने तथा कार्यभार ग्रहण करने के लिए कहा जाए। साथ ही संबंधित तहसीलदार के माध्यम से उसी दिन व्यक्तिगत रूप से लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित तिथि पर मुख्यालय में उपस्थिति नहीं देने और स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

छह जिलों के 819 पटवारियों को जारी हुआ नोटिस

सरगुजा संभाग के छह जिलों में हड़ताल पर गए पटवारियों की संख्या के अनुसार शो-कॉज नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें सूरजपुर जिले के 192, सरगुजा जिले के 216, कोरिया जिले के 60, एमसीबी जिले के 51, जशपुर जिले के 150 एवं बलरामपुर जिले के 150 पटवारी शामिल हैं।

बलरामपुर जिले में मुख्यालय में निवास नहीं करने के कारण 5 पटवारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई भी की गई है। वहीं हड़ताल पर गए सभी पटवारियों को तत्काल अपने कार्य पर उपस्थित होकर शासकीय कार्यों का संपादन करने के निर्देश दिए गए हैं।

फसल सर्वेक्षण और धान खरीदी से जुड़े कार्य प्रभावित

संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा ने कहा कि सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति अथवा स्वीकृत अवकाश के बिना कर्तव्य से अनुपस्थित रहने के कारण महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

इनमें डिजिटल क्रॉप सर्वे, फिजिकल वेरिफिकेशन, एग्रीस्टैक तथा आगामी धान खरीदी से संबंधित कृषक अभिलेखों का सत्यापन शामिल है। इसके अलावा आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्रों के लिए आवश्यक जांच प्रतिवेदन, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और राजस्व न्यायालयीन प्रकरणों सहित अन्य जरूरी कार्यों पर भी असर पड़ रहा है।

चक्रवाती तूफान से फसल क्षति के सर्वेक्षण में भी आ रही बाधा

चक्रवाती तूफान के कारण विभिन्न क्षेत्रों में हुई फसल क्षति का त्वरित सर्वेक्षण, नुकसान का आकलन और पात्रतानुसार राहत संबंधी कार्रवाई प्राथमिकता से की जानी है। पटवारियों की अनुपस्थिति के कारण ये अत्यावश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों एवं आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अनुपस्थिति अवधि को माना जाएगा ब्रेक इन सर्विस

संभागायुक्त के निर्देशानुसार संबंधित पटवारियों के विरुद्ध अनधिकृत अनुपस्थिति को लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही अनुपस्थिति अवधि के वेतन एवं अन्य सेवा लाभों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि कर्तव्य से अनुपस्थित रहने की अवधि को सेवा में व्यवधान (ब्रेक इन सर्विस) माना जाएगा। निर्धारित समय पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने और लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने वाले पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment