छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: बारिश के कारण स्थगित हुए मुकाबले आज होंगे, शाम 5:30 बजे से मैदान में दिखेगा रोमांच

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बने प्रतिकूल मौसम के कारण स्थगित किए गए छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दोनों मुकाबले आज शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। खिलाड़ियों की सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने 29 अक्टूबर को होने वाले मैचों को स्थगित कर आज आयोजित करने का निर्णय लिया था।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला होगा। वहीं, शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियन्स और बैलाडीला बुल्स की टीमें आमने-सामने होंगी।

सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में जारी है हॉकी का रोमांच

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 22 अक्टूबर से मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग में शामिल सभी टीमें अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए कई विशिष्ट एवं अति विशिष्ट व्यक्ति भी प्रतिदिन स्टेडियम पहुंच रहे हैं।

11 अंकों के साथ न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स अपने पांचों लीग मुकाबले खेल चुकी हैं, जबकि अन्य चार टीमों का एक-एक मैच शेष है।

न्यायधानी नाइट्स 11 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। टीम ने तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की और दो मैच ड्रॉ खेले हैं। इस प्रदर्शन के दम पर न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स अपने सभी पांचों मुकाबले हारकर अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है।

अंक तालिका में मैनपाट टाइटन्स चार मैचों में दो जीत और दो ड्रॉ के साथ 8 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। चक्रधर चैंपियन्स ने चार मैचों में दो जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ 7 अंक हासिल किए हैं और टीम तीसरे स्थान पर है।

वहीं, बैलाडीला बुल्स चार मैचों में एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार के साथ 5 अंक लेकर चौथे स्थान पर है। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स चार मैचों में एक जीत, एक ड्रॉ और दो हार के साथ 4 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है।

1 नवंबर को होगा फाइनल मुकाबला

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसके बाद लीग का फाइनल मुकाबला 1 नवंबर 2026 को आयोजित होगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment