जशपुर। जिले के पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों को ₹15-15 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल श्रमिकों के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए हैं।
मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश, कनिष्ठ अभियंता निलंबित
हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रथम दृष्टया लापरवाही के मामले में मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्थलगांव विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक को निलंबित कर दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने विद्युत कार्यों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।