कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जशपुर जिला परीक्षा प्रबंधन पोर्टल का किया शुभारंभ ,परीक्षा से जुड़ी जानकारी, प्रवेश पत्र, परिणाम एवं केंद्र प्रबंधन का होगा डिजिटल संचालन

जशपुरनगर, 05 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिले में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षाओं के सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी संचालन तथा परीक्षा संबंधी गतिविधियों के ऑनलाइन प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जशपुर जिला परीक्षा प्रबंधन पोर्टल का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा विकसित educationjashpur.in वेबसाइट के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया को डिजिटल रूप से संचालित करने की सुविधा उपलब्ध होगी। पोर्टल पर विद्यार्थियों एवं विद्यालयों से संबंधित आवश्यक जानकारी का संधारण, परीक्षा केंद्रों की जानकारी, परीक्षा प्रबंधन तथा परीक्षा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी। इसके साथ ही प्रवेश पत्र, परीक्षा परिणाम सहित आवश्यक रिपोर्ट भी डिजिटल माध्यम से तैयार एवं प्रबंधित की जा सकेंगी।


इस डिजिटल व्यवस्था से जिला, विकासखंड एवं विद्यालय स्तर पर परीक्षा संबंधी कार्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी और अनुश्रवण को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। पोर्टल के माध्यम से जानकारी के केंद्रीकृत एवं व्यवस्थित संधारण से परीक्षा संबंधी कार्यों में समय की बचत के साथ-साथ पारदर्शिता और कार्यकुशलता भी बढ़ेगी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियों को निर्धारित समय-सीमा में अद्यतन किया जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने परीक्षा संबंधी सभी गतिविधियों को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपादित करने पर विशेष जोर दिया।

केंद्रीकृत परीक्षा व्यवस्था के लिए उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा व्यवस्था के अंतर्गत शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों की परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। जिले में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं विद्यालयों से जुड़ी परीक्षा संबंधी गतिविधियों के बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रबंधन के लिए यह डिजिटल पोर्टल महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे परीक्षा से संबंधित जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने के साथ ही विभिन्न स्तरों पर इसकी निगरानी एवं समीक्षा भी आसान होगी। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार सिन्हा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment