जशपुर: नाबार्ड के स्वतंत्र जिला विकास प्रबंधक कार्यालय का जिला पंचायत CEO ने किया शुभारंभ, किसानों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा

जशपुरनगर, 25 जून 2026। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के जिला विकास प्रबंधक के स्वतंत्र कार्यालय का शुभारंभ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। अब तक जिले में नाबार्ड से संबंधित सभी कार्य रायगढ़ स्थित जिला विकास प्रबंधक कार्यालय के माध्यम से संचालित किए जाते थे, लेकिन स्वतंत्र कार्यालय शुरू होने से किसानों और हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक, बैंकर्स, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान हितग्राही एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। नाबार्ड छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के वरिष्ठ अधिकारी बृजेन्द्र समांतराय ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर लाभार्थी किसानों से चर्चा की।

नवनियुक्त जिला विकास प्रबंधक प्रेम प्रकाश सिंह ने जिले की कृषि एवं बागवानी संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि नाबार्ड द्वारा अब तक 12,100 एकड़ क्षेत्र में वाड़ी फलोद्यान एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों के माध्यम से 13 हजार से अधिक आदिवासी परिवारों को लाभान्वित किया गया है। पिछले पांच वर्षों में सदस्य किसानों ने 100 करोड़ रुपये से अधिक का संचयी लाभ अर्जित किया है, जबकि वार्षिक उत्पादन लगभग 9 हजार मीट्रिक टन रहा है। जीवा परियोजना के तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों द्वारा नए प्राकृतिक आदान विकसित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ने नाबार्ड की संभाव्यता आधारित ऋण योजना (PLP) का विमोचन किया। योजना के अनुसार जिले में कृषि क्षेत्र के लिए 865 करोड़ रुपये की ऋण संभाव्यता तथा प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में कुल 1,428 करोड़ रुपये की ऋण संभाव्यता का आकलन किया गया है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले में बागवानी विकास के लिए नाबार्ड के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अब प्रसंस्करण क्षमता विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने इस दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में वाड़ी, जलग्रहण क्षेत्र एवं जीवा परियोजना के उत्कृष्ट किसान लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment