जशपुर/दोकड़ा, 29 जून 2026। ऐतिहासिक दोकड़ा धाम स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आज स्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा का दिव्य महारण स्नान महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ आयोजित किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक आयोजन में भगवान का 108 पवित्र कलशों के सुगंधित जल से महाभिषेक किया जाएगा, वहीं श्रद्धालुओं को भगवान के दिव्य गजानन (हाथी) वेश के अलौकिक दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।
श्री जगन्नाथ मंदिर समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 1:00 बजे मंगल आरती एवं हरि कीर्तन से होगा। इसके पश्चात 1:30 बजे पहंडी विजय की रस्म निभाई जाएगी। दोपहर 2:30 बजे 108 पवित्र कलशों के जल से भगवान का भव्य देव स्नान कराया जाएगा। इसके बाद 3:30 बजे दिव्य श्रृंगार कर भगवान को गजानन वेश में सजाया जाएगा, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम का समापन शाम 4:00 बजे संध्या आरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। मंदिर परिसर में आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दुर्लभ धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने तथा भगवान श्री जगन्नाथ के श्रीचरणों में आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। दोकड़ा धाम में आयोजित होने वाला यह महोत्सव क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।