जशपुर, 16 अप्रैल 2026। बगीचा एवं सन्ना क्षेत्र में ‘hedgexfund’ नामक नेटवर्क कंपनी के जरिए निवेश पर रकम दुगुनी करने का झांसा देकर ग्रामीणों से ठगी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 5 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में थाना बगीचा में भादवि की धारा 420 एवं 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्रकरण की शुरुआत 10 अप्रैल 2026 को हुई, जब प्रार्थिया उर्मिला बाई (उम्र 26 वर्ष) निवासी कापू टोली, थाना सन्ना ने थाना बगीचा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान ग्राम रूपसेरा भलमंडा निवासी मीनी बाई एवं कालेश्वर राम से हुई। कुछ समय बाद ये लोग अन्य आरोपियों के साथ प्रार्थिया के घर पहुंचे और स्वयं को ‘hedgexfund’ नेटवर्क कंपनी से जुड़ा बताते हुए निवेश करने पर 3 माह में रकम दुगुनी करने का झांसा दिया।
आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए यह भी कहा कि यदि रकम दुगुनी नहीं होती है तो ब्याज सहित पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। इस तरह प्रार्थिया की मां सहित गांव के अन्य लोगों को भी अपने झांसे में ले लिया गया। आरोपियों ने कई बार गांवों में जाकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया।
झांसे में आकर प्रार्थिया ने अलग-अलग तिथियों में कुल 1 लाख 70 हजार रुपये नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से आरोपियों को दिए, वहीं उसकी मां द्वारा भी 40 हजार रुपये निवेश किए गए। इसके अलावा अन्य ग्रामीणों ने भी रकम लगाई। आरोपियों ने निवेशकों को एक ऑनलाइन वॉलेट का आईडी-पासवर्ड दिया, जिसमें रकम डॉलर में दिखाई जाती थी, जिससे लोगों का विश्वास और बढ़ गया।
कुछ समय बाद उक्त वॉलेट बंद हो गया और निवेश की गई राशि वापस नहीं मिली। जब प्रार्थिया एवं अन्य लोगों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और विवेचना के दौरान 6 आरोपियों—शिवशंकर राम, मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम एवं नीरा सिंह—को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम एवं नीरा सिंह को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
वहीं मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने बगीचा एवं सन्ना क्षेत्र के कई ग्रामीणों को इसी तरह झांसे में लेकर ठगी की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पीड़ितों की संख्या और ठगी की रकम बढ़ने की संभावना है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार कामरे, नरेश मिंज एवं महिला आरक्षक लीलावती यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ठगी एवं साइबर अपराधों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई कर रही है। निवेश के नाम पर लोगों को भ्रमित कर ठगी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




















