जशपुर: 640 बोतल नशीली कफ सिरप केस में फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, जेल भेजा गया

जशपुर, 16 अप्रैल 2026। ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को उड़ीसा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी रंजन साहू उर्फ राजन उर्फ पाकु (उम्र 30 वर्ष), निवासी जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) के विरुद्ध चौकी कोतबा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C), 27(A) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

मामले में पूर्व में जनवरी 2026 में चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम सुरंगपानी से आरोपी मोहित कुमार गुप्ता के कब्जे से 640 नग प्रतिबंधित नशीली विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरप बरामद की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई थी। उक्त मामले में मोहित कुमार गुप्ता को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि जब्त नशीली कफ सिरप का मुख्य सप्लायर उड़ीसा राज्य के सुंदरगढ़ जिले का निवासी रंजन साहू है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

सूचना मिलने पर कि आरोपी अपने गृह ग्राम में मौजूद है, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर उड़ीसा रवाना किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लाया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के विरुद्ध जशपुर पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और इस प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment