गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: टपकती छत से सुरक्षित घर तक का सफर, पीएम जनमन आवास और महतारी वंदन योजना बनीं सहारा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 06 जुलाई 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव जब अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है, तब वह केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि जीवन परिवर्तन की कहानी बन जाती है। गौरेला विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी सरिता बैगा का परिवार इसका जीवंत उदाहरण है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और महतारी वंदन योजना के लाभ से उनका परिवार आज सुरक्षित आवास, आर्थिक संबल और सम्मानजनक जीवन की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

सरिता बैगा का परिवार पहले एक कच्चे मकान में निवास करता था। बरसात का मौसम उनके लिए चिंता और परेशानी का कारण बन जाता था। खपरैल की छत से पानी टपकता था, दीवारों में नमी भर जाती थी और हर साल मकान की मरम्मत तथा खपरैल बदलने में अतिरिक्त खर्च करना पड़ता था। छोटे बच्चों के साथ बारिश के दिनों में सुरक्षित रहना भी एक बड़ी चुनौती थी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत सरिता बैगा के परिवार को प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लाभ मिला। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के समन्वित प्रयासों से उन्हें समय पर पक्का आवास स्वीकृत हुआ। आज उनका परिवार मजबूत, सुरक्षित और सुविधायुक्त घर में रह रहा है।

नए आवास ने केवल रहने की व्यवस्था नहीं बदली, बल्कि परिवार के जीवन में सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया संचार किया है। अब बारिश का मौसम चिंता का नहीं बल्कि राहत और सुकून का प्रतीक बन गया है। बच्चों को सुरक्षित माहौल मिला है, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

सरिता बैगा को राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह आर्थिक सहायता भी मिल रही है। इस राशि से परिवार की दैनिक जरूरतों, बच्चों की आवश्यकताओं और घरेलू खर्चों को पूरा करने में मदद मिल रही है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

सरिता बैगा बताती हैं कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उनका परिवार भी पक्के घर में रहेगा। आज शासन की योजनाओं ने उनके सपनों को साकार कर दिया है। वे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि जनहितैषी योजनाओं ने उनके परिवार को सुरक्षित आवास, आर्थिक सहयोग और बेहतर भविष्य का भरोसा दिया है।

ग्राम पंडरीपानी में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्रामीण विकास विभाग, जनपद पंचायत गौरेला, ग्राम पंचायत और मैदानी अमले की सक्रिय भूमिका रही है। योजनाओं के पारदर्शी और समयबद्ध संचालन से पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है, जिससे विशेष पिछड़ी जनजातियों सहित ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार दिखाई दे रहा है।

सरिता बैगा की सफलता की कहानी इस बात का प्रमाण है कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराता, बल्कि गरीब और वंचित परिवारों के जीवन में स्थायी बदलाव लाकर उन्हें सम्मान, सुरक्षा और विकास की नई दिशा भी प्रदान करता है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment