बीजापुर: गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की नई पहचान बना पीएचसी चेरपाल, NQAS मूल्यांकन में उत्कृष्ट प्रदर्शन

बीजापुर, 06 जुलाई 2026। बीजापुर जिले का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चेरपाल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का नया मॉडल बनकर उभरा है। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत हुए बाह्य मूल्यांकन में स्वास्थ्य केंद्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता स्वास्थ्य विभाग की बेहतर कार्यप्रणाली, प्रभावी प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

03 और 04 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC), नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम ने पीएचसी चेरपाल का दो दिवसीय विस्तृत निरीक्षण किया। मूल्यांकन के दौरान सामान्य प्रशासन, ओपीडी, आईपीडी, प्रयोगशाला, लेबर रूम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन, संक्रमण नियंत्रण, दवा प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और अभिलेखों की गहन जांच की गई।

मूल्यांकन प्रक्रिया को सफल बनाने में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के मार्गदर्शन तथा खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) के नेतृत्व में पूरी स्वास्थ्य टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों, चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्सों, फार्मासिस्टों, लैब टेक्नीशियनों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों, मितानिनों तथा अन्य कर्मचारियों ने समन्वित प्रयासों से मूल्यांकन दल को सभी आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराए।

स्वास्थ्य विभाग ने मूल्यांकन दल द्वारा दिए गए सुझावों को भी गंभीरता से लिया है। विभाग के अनुसार इन सुझावों के अनुरूप आवश्यक सुधार किए जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को और अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

पीएचसी चेरपाल की इस उपलब्धि का सीधा लाभ क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को मिलेगा। बेहतर व्यवस्थाओं, प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं के कारण मरीजों को अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक उपचार मिल सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास भी और मजबूत होगा।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि पीएचसी चेरपाल की सफलता यह साबित करती है कि समर्पित टीमवर्क, बेहतर प्रबंधन और निरंतर प्रयासों के माध्यम से दूरस्थ एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं। यह उपलब्धि बीजापुर जिले में गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment