दिसंबर 2026 में होंगे नगरपालिका और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन, निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर द्वारा नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन दिसंबर 2026 के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह ने बताया कि नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए कुल 417 पदों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। इनमें 04 नगरपालिक निगमों—भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली एवं बीरगांव के महापौर, 13 अध्यक्ष तथा 400 पार्षद पद शामिल हैं। वहीं उप निर्वाचन के लिए 01 अध्यक्ष एवं 06 पार्षद पदों के लिए भी निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है।

इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायतों के कुल 814 पदों के लिए भी निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। इनमें जनपद पंचायत सदस्य के 01, सरपंच के 92 तथा पंच के 721 पद शामिल हैं।

01 अक्टूबर 2026 होगी संदर्भ तिथि

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि निर्वाचक नामावली 01 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर तैयार की जा रही है। निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी।

दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

33 जिलों में नियुक्त होंगे 33 निर्वाचक नामावली प्रेक्षक

निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के लिए राज्य के सभी 33 जिलों में कुल 33 निर्वाचक नामावली प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment